
खैरागढ़ न्यूज धमाका – खैरागढ़ जिले के ग्राम खैरबना में अंधविश्वास की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला को ‘टोनही’ बताकर उसके पड़ोसियों ने गला घोंटकर और धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान मोहिनी साहू के रूप में हुई है, जिनका शव 26 जून को उनके घर में खून से लथपथ हालत में पाया गया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।
जांच के दौरान मृतका की पड़ोसी सविता साहू (39), उसकी बेटी जसिका साहू (19) और भतीजा दीपेश साहू (24) पर पुलिस को संदेह हुआ। सायबर सेल और खैरागढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जब इनसे सख्ती से पूछताछ की, तो तीनों ने अपराध कबूल कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि मृतका अक्सर सविता को ‘टोनही’ कहकर अपमानित करती थी। इसी अपमान का बदला लेने के लिए तीनों ने हत्या की साजिश रची। घटना वाले दिन दोपहर करीब 2 बजे, जब मोहिनी अकेली थी, तीनों आरोपी छत के रास्ते घर में घुसे। सविता और जसिका ने गेरुआ रस्सी से गला घोंटा और दीपेश ने हंसिए से मोहिनी के गले व चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद तीनों ने खून से सने कपड़े और हथियार धो दिए और खुद को खेत में होना बताया, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ में सच सामने आ गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हंसिया और रस्सी बरामद कर ली है।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 332 और 103(1) के तहत न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
इस मामले ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ समेत देश के कई ग्रामीण इलाकों में फैले अंधविश्वास और टोनही प्रथा की भयावहता को उजागर कर दिया है। सामाजिक संगठनों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।



