
राजनांदगांव न्यूज धमाका – राजनांदगांव जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के मामलों में प्रभावी नियंत्रण न रखने और उचित कार्रवाई में विफल रहने पर राज्य सरकार ने खनिज अधिकारी प्रवीण चंद्राकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह आदेश खनिज साधन विभाग के अवर सचिव एम. चंद्रशेखर द्वारा 15 जून 2025 को जारी किया गया।
आदेश में क्या कहा गया है?
जारी आदेश के अनुसार:
“प्रवीण चंद्राकर, खनि अधिकारी, जिला राजनांदगांव द्वारा जिले में खनिज रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के प्रकरणों में प्रभावी नियंत्रण तथा समुचित कार्यवाही नहीं किया गया है। यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3(1) एवं 3(2) का उल्लंघन है। फलस्वरूप, राज्य शासन उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करता है।”
लगातार बढ़ रही हैं अवैध खनन की शिकायतें
पिछले कुछ समय से राजनांदगांव जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन को लेकर शिकायतों की बाढ़ आ गई थी। इसके बावजूद संबंधित अधिकारी द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विभागीय जांच में यह पाया गया कि अधिकारियों की लापरवाही से अवैध गतिविधियाँ तेजी से बढ़ीं, जिससे सरकार की साख और राजस्व दोनों को नुकसान हुआ।
कड़ी कार्रवाई का संकेत
राज्य सरकार की यह कार्रवाई एक सख्त संदेश है कि खनिज जैसे संवेदनशील क्षेत्र में लापरवाही या मिलीभगत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार ने साफ किया है कि यदि आगे भी किसी अधिकारी की भूमिका संदिग्ध पाई गई, तो कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।




