
09 अगस्त 2026 //
बलौदाबाजार न्यूज़ धमाका – जिले में मानसून की सक्रियता से लगातार हो रही झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी है।
छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में मानसून की सक्रियता से लगातार हो रही झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी है। खेतों में हरियाली नजर आने लगी है और धान समेत खरीफ फसलों की बढ़वार तेजी से हो रही है। समय पर हुई बारिश से किसानों को सिंचाई के लिए अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ रहा है, जिससे खेती की लागत में भी राहत मिली है।
1 जून से 9 अगस्त तक जिले में कुल 6316.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज
भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जून से 9 अगस्त 2026 तक जिले में कुल 6316.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। जिले की औसत वर्षा 721.8 मिलीमीटर रही। तहसीलवार बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो टुण्डरा में सबसे अधिक 984 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। वहीं बलौदाबाजार में 828.4, पलारी में 727.7, सोनाखान में 653.4, लवन में 652.3, सुहेला में 645.6, कसडोल में 615.3, सिमगा में 608.4 और भाटापारा में 601.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है।
सिंचाई पर होने वाले भारी खर्च से मिली मुक्ति
लगातार हो रही बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी बनी हुई है। धान की फसल के साथ अन्य खरीफ फसलों को भी इसका फायदा मिल रहा है। किसानों का कहना है कि, मानसून की अच्छी बारिश से फसल की बढ़वार बेहतर हुई है और डीजल पंप या अन्य साधनों से सिंचाई करने की जरूरत कम पड़ रही है। इससे सिंचाई पर होने वाला खर्च भी बच रहा है।
जलभराव और फसल रोगों से रहें सावधान
कृषि प्रधान बलौदाबाजार जिले में बारिश की यह स्थिति किसानों के लिए राहत की खबर है। हालांकि लगातार बारिश के बीच किसानों को खेतों में जलभराव और फसलों में संभावित रोगों को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।



