
कोण्डागांव न्यूज धमाका – माकड़ी थाना पुलिस द्वारा रविवार को ग्राम पंचायत तमरावंड में सायबर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को सायबर अपराध, महिला सुरक्षा, यातायात नियम, नशामुक्ति और नए आपराधिक कानूनों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
सायबर अपराधों से बचाव के उपाय
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक विकास बघेल ने ग्रामीणों को सायबर अपराधों से बचने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि अंजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी को भी ओटीपी या बैंक डिटेल साझा न करें, और किसी भी संदिग्ध लेनदेन की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
महिला सुरक्षा और कानून की जानकारी
कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, भारत सरकार द्वारा लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों, तथा नशे के दुष्परिणामों के बारे में भी जानकारी दी गई।
ग्रामीणों की सहभागिता
अभियान में ग्राम सरपंच जय प्रकाश नेताम, पंचगण मोहनलाल पोयाम, राम मरकाम, धीनूराम नेताम, धनसु राम नेताम, तिजू राम नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि लोग समय रहते ठगी और अपराध से बच सकें।



