
दुर्ग न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लाख रुपए से अधिक कीमत का गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यह खेप ओडिशा से नागपुर ले जाई जा रही थी।
ऐसे हुआ खुलासा
7 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कंटेनर वाहन (क्रमांक NL01-AH-9524) में गांजा भरकर रायपुर से दुर्ग की ओर लाया जा रहा है। जानकारी के आधार पर टोल प्लाजा कुम्हारी में नाकेबंदी की गई और वाहन को रोक लिया गया।
चालक उमेश यादव (46), जिला मधुबनी, बिहार ने पूछताछ में बताया कि उसे रास्ते में ओडिशा के देवघर में परिचित राहुल ने 13 बोरियों में भरा गांजा नागपुर में शाहिद नाम के व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए कहा था। प्रति बोरी 5000 रुपये देने की डील हुई थी।
388 पैकेट गांजा बरामद
कंटेनर खोलने पर 13 बोरी मिलीं, जिनमें 388 पैकेट, प्रत्येक एक किलो का था। कुल वजन 3 क्विंटल 88 किलो और कीमत 60 लाख रुपये आंकी गई। इसके अलावा 95 हजार रुपये नगद और अन्य सामान समेत कुल 1.53 करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया।
नागपुर से भी दो आरोपी गिरफ्तार
चालक उमेश यादव की निशानदेही पर थाना कुम्हारी और एसीसीयू टीम नागपुर पहुँची और वहीं से मुस्ताक अहमद (34) और फयाज अंसारी (24) को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (B) iiC, 25, 27 (a) के तहत मामला दर्ज किया गया है।



