
06 अगस्त 2026 //
रायपुर न्यूज़ धमाका – CBSE द्वारा जारी गाइडलाइन के मुताबिक मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी के लिए प्रति विषय 300 रुपए, अंक सत्यापन के लिए प्रति उत्तर पुस्तिका 300 रुपए देना होगा।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने दसवीं दूसरी बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सेवाएं शुरू की गई हैं। इन सेवाओं में उत्तरपुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी, अंकों का सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन शामिल हैं। स्कैन कॉपी के लिए 5 से 9 अगस्त तक, जबकि सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए 16 से 19 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
इस तरह देना होगा सेवा शुल्क
मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी के लिए प्रति विषय 300 रुपए का शुल्क निर्धारित है। अंक सत्यापन के लिए प्रति उत्तर पुस्तिका 300 रुपए का भुगतान करना होगा। पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रति प्रश्न 100 रुपए का शुल्क लगेगा। सभी शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा किए जाएंगे।
आवेदन के लिए खोले विंडो
बोर्ड ने इन सुविधाओं के लिए आवेदन विंडो खोल दी है। विद्यार्थी अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त कर सकेंगे। आवश्यकता पड़ने पर वे अंकों के सत्यापन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन का विकल्प भी उपलब्ध होगा। यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होगी। स्कैन कॉपी प्राप्त करने के बाद ही विद्यार्थी सत्यापन या पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर पाएंगे। यह कदम पारदर्शिता बढ़ाने और विद्यार्थियों को संतुष्ट करने के लिए उठाया गया है।
समय पर आवेदन न करने पर सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा
उत्तरपुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन 5 अगस्त से 9 अगस्त तक किए जा सकते हैं। अंकों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन 16 अगस्त से 19 अगस्त 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा का पालन करना होगा। समय पर आवेदन न करने पर सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा।



