
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार लगातार नए कदम उठा रही है। इसी क्रम में सोमवार को राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित सौर ऊर्जा जागरूकता और प्रोत्साहन अभियान में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए।
सौर ऊर्जा अपनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से प्रदेश के लोग केवल ऊर्जा उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि ऊर्जा उत्पादक और आपूर्तिकर्ता भी बन रहे हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे स्वच्छ ऊर्जा अपनाकर प्रदूषण कम करने और नेट-जीरो कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को पूरा करने में योगदान दें।
618 उपभोक्ताओं को 1.85 करोड़ की सब्सिडी
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 618 उपभोक्ताओं के खातों में प्रति व्यक्ति 30,000 रुपये की दर से कुल 1.85 करोड़ रुपये की सब्सिडी का ऑनलाइन अंतरण किया। साथ ही उन्होंने सूर्य रथ को हरी झंडी दिखाकर जागरूकता अभियान की शुरुआत की।
उत्कृष्ट वेंडरों का सम्मान
कार्यक्रम में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में विशेष योगदान देने वाले उत्कृष्ट वेंडरों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में सौर ऊर्जा की मदद से मुफ्त बिजली देने का लक्ष्य रखा गया है।
बिजली उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2000 में राज्य की बिजली उत्पादन क्षमता मात्र 1,400 मेगावाट थी, जो आज बढ़कर 30,000 मेगावाट हो गई है। राज्य न केवल अपनी जरूरत पूरी कर रहा है, बल्कि पड़ोसी राज्यों को भी बिजली उपलब्ध करा रहा है।
कार्यक्रम में हुई महत्वपूर्ण घोषणाएँ
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एग्रीवोल्टाइक्स परफॉर्मर हैंडबुक और इम्पैक्ट ऑफ डिस्ट्रीब्यूटेड रिन्यूएबल एनर्जी ऑन ग्रिड स्टेबिलिटी रिपोर्ट का भी विमोचन किया।



