
खैरागढ़ न्यूज़ धमाका /// दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह के उदयपुर स्थित महल का ताला खोले जाने के मामले में पारिवारिक विवाद पर गहमागहमी की स्थिति है. ग्रामीणों ने SDOP की गाड़ी में तोड़फोड़ की है. मौके पर एडिशनल एसपी प्रज्ञा मेश्राम पहुंची हैं.
ग्रामीणों ने गाड़ियों और पुलिस वालों पर पथराव किया है. गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई है. पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया है. खैरागढ क्षेत्र के उदयपुर महल के बाहर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं. राजघराने की संपत्ति के मामले को लेकर विवाद चल रहा है. ग्रामीण देवव्रत की पत्नी विभा सिंह का विरोध कर रहे हैं.
स्व. देवव्रत सिंह की पूर्व पत्नी पदमा सिंह, बेटी शताक्षी सिंह, पुत्र आर्यव्रत सिंह और वर्तमान पत्नी विभा सिंह की मौजूदगी में महल का ताला खोला जाना था. देवव्रत सिंह की पत्नी विभा सिंह के उदयपुर पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विभा सिंह को देवव्रत सिंह का कातिल बताया.
खैरागढ़ विधायक स्वर्गीय देवव्रत सिंह की मौत के पीछे देवव्रत सिंह के पुत्र राजा आर्यव्रत सिंह और राजकुमारी शताक्षी ने उनकी वर्तमान पत्नी विभा सिंह के द्वारा प्रताड़ित किए जाने से तनाव के चलते उनकी मौत होना बताया था. वहीं दोनों बच्चों ने विभा सिंह पर अपनी प्रताड़ना का भी आरोप लगाया था.



