
खैरागढ़ न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। देशभर में फैले इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का संचालन मोबाइल एप के माध्यम से किया जा रहा था। महाराष्ट्र के नागपुर में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.5 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है और 20 करोड़ रुपये से अधिक के बैंक ट्रांजेक्शन का पता लगाया है।

शिवा बुक एप से हो रहा था सट्टे का संचालन
पुलिस की जांच में सामने आया है कि ‘शिवा बुक’ नामक ऑनलाइन एप के जरिए देश के कई राज्यों में सट्टा खिलाया जा रहा था। सायबर सेल और खैरागढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नागपुर स्थित एक फ्लैट पर छापा मारा गया, जहां आरोपी मोबाइल फोन और लैपटॉप के जरिए सट्टे का संचालन कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी
पुलिस ने मौके से छत्रपाल पटेल, निकुंज पन्ना, समीर बड़ा, धनंजय सिंह, चंद्रशेखर अहिरवार और डूमेश श्रीवास को रंगे हाथ पकड़ा। इनके पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप, नगद राशि, दस्तावेज व बैंक लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण डेटा बरामद किया गया है।
बैंक और UPI से हो रहा था ट्रांजेक्शन
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत यह खुलासा हुआ कि आरोपी बैंक खातों और UPI माध्यमों से पैसों का लेन-देन कर रहे थे। साइबर सेल की तकनीकी मदद से सट्टा नेटवर्क की गतिविधियों का डिजिटल प्रमाण जुटाया गया, जिसके बाद नागपुर में दबिश दी गई।
मुख्य सरगना अब भी फरार
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य सरगना वेदप्रकाश जोशी, जो दुर्ग जिले के अंडा का रहने वाला है, अभी फरार है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। अन्य सहयोगियों की तलाश भी जारी है।
न्यायालय में पेश होंगे आरोपी
पकड़े गए सभी आरोपियों को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा, और इस ऑनलाइन सट्टा गिरोह की पूरी जड़ तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



