छतीसगढ़बिलासपुर

छत्तीसगढ़: जंगल में पत्नी की बेरहमी से हत्या, आरोपी पति 24 घंटे में गिरफ्तार

बिलासपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बेलगहना चौकी क्षेत्र के मझवानी गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी जंगल में जाकर छिप गया, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।

चरित्र शंका बना हत्या की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पंचराम सौता को अपनी पत्नी रात बाई के चरित्र पर शक था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। मंगलवार रात दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद पंचराम ने ईंट, पत्थर और डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जंगल में ले जाकर की गई इस बर्बर मारपीट में रात बाई की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
बुधवार सुबह छतौना रगरापारा के जंगल में महिला की लाश खून से सनी हालत में पड़ी मिली। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत इकट्ठा किए।

जंगल से दबोचा गया आरोपी पति
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने जब आसपास के गांवों में पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी अक्सर पत्नी से झगड़ा करता था। सूचना के आधार पर पुलिस ने जंगल में घेराबंदी की और पंचराम को धर दबोचा। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया।

एसपी अर्चना झा का बयान
बिलासपुर की पुलिस अधीक्षक अर्चना झा ने बताया कि, “महिला की लाश मिलने की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम रवाना की गई थी। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई। आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।”


मुख्य बिंदु:

  • चरित्र शंका में पति ने की पत्नी की हत्या
  • ईंट, पत्थर और डंडे से की गई थी मारपीट
  • जंगल में छिपा आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
  • पुलिस कर रही आगे की जांच

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!