
धमतरी न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। आमदी गांव में एक शराबी पिता ने नशे की हालत में अपने ही तीन साल के मासूम बेटे की इतनी बेरहमी से पिटाई कर दी कि उसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। यह हृदय विदारक घटना दुगली थाना क्षेत्र की है।
नशे की हालत में उतारा बेटे को मौत के घाट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान संजय मरकाम के रूप में हुई है, जो अक्सर नशे में धुत रहता था। सोमवार रात उसने नशे की हालत में अपने तीन वर्षीय बेटे शौर्य मरकाम को बेवजह पीटना शुरू कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि बच्चे के सिर में गहरी चोटें आईं और वह बेहोश हो गया।
परिजन तत्काल मासूम को नरहरपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद गांव में मातम छा गया है, और घटना से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही दुगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी पूरी तरह नशे में था और उसी हालत में उसने अपने बेटे पर जानलेवा हमला किया।
शराब की लत बनी अमानवीयता की जड़
यह घटना एक बार फिर समाज के सामने यह सवाल खड़ा करती है कि शराब की लत किस हद तक इंसान को हैवान बना सकती है। एक मासूम, जो अपने पिता की गोद में सुरक्षित रहना चाहिए था, उसी पिता के हाथों अपनी जान गंवा बैठा।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।



