दिल्ली

दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, महिलाओं के लिए 56 स्पेशल इलेक्ट्रिक बसें; जानिए रूट और टाइमिंग

16 जुलाई 2026 //

दिल्ली न्यूज़ धमाका – सरकार ने राजधानी की महिला यात्रियों के लिए सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और भरोसेमंद बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली परिवहन निगम महिलाओं के लिए विशेष रूप से 56 इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इनमें कामकाजी महिलाओं की सुविधा के लिए 30 लेडीज स्पेशल इलेक्ट्रिक बसें और छात्राओं के सुरक्षित आवागमन के लिए 26 यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी।

परिवहन विभाग के अनुसार, महिलाओं के लिए शुरू की जा रही ये विशेष इलेक्ट्रिक बसें राजधानी के 28 सबसे व्यस्त रूटों पर संचालित की जाएंगी। योजना का उद्देश्य सुबह और शाम के पीक आवर्स के दौरान महिला यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत देना और उन्हें सुरक्षित, आरामदायक एवं समयबद्ध यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है। इन बसों के संचालन से नौकरीपेशा महिलाओं और कॉलेज-विश्वविद्यालय की छात्राओं को दैनिक आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। महिला यात्रियों के लिए अलग से उपलब्ध कराई जा रही यह सेवा सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा और सुविधा को बढ़ाने के साथ-साथ इलेक्ट्रिक बसों के जरिए पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को भी मजबूत करेगी।

जानिए किन रूटों पर और किस समय चलेंगी लेडीज स्पेशल बसें

दिल्ली परिवहन निगम की 30 लेडीज स्पेशल इलेक्ट्रिक बसें राजधानी के प्रमुख कार्यालय क्षेत्रों, व्यावसायिक इलाकों, संस्थागत केंद्रों और महत्वपूर्ण मेट्रो इंटरचेंज को आपस में जोड़ेंगी। इन बसों का संचालन खासतौर पर नौकरीपेशा महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। परिवहन विभाग के अनुसार, ये बसें सुबह 7:52 बजे से 9:00 बजे और शाम 4:32 बजे से 6:15 बजे के बीच संचालित होंगी, ताकि कार्यालय आने-जाने वाली महिलाओं को पीक आवर्स में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा मिल सके।

वहीं, 26 यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस, साउथ कैंपस और अन्य प्रमुख शिक्षण संस्थानों को राजधानी के प्रमुख रिहायशी इलाकों से जोड़ेंगी। इनमें नजफगढ़, रोहिणी, जनकपुरी, मुंडका, मयूर विहार, कालकाजी, पल्ला और धौलाकुआं जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

सुरक्षा पर रहेगा खास फोकस, आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी बसें

दिल्ली सरकार के अनुसार, महिलाओं के लिए शुरू की जा रही सभी 56 लेडीज स्पेशल बसें 100 फीसदी इलेक्ट्रिक होंगी। इन बसों में महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। बसों में सीसीटीवी कैमरे, ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर से जुड़े पैनिक बटन, लो-फ्लोर रैंप और आवश्यकता पड़ने पर बस मार्शल या महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती जैसी व्यवस्थाएं की जाएंगी। इसके अलावा, इन बसों की अलग पहचान के लिए विशेष ब्रांडिंग भी की जाएगी, ताकि महिलाएं इन्हें आसानी से पहचान सकें। सरकार ने बताया कि इन विशेष बसों को पिंक स्मार्ट कार्ड प्रणाली से भी जोड़ा जाएगा। इससे पात्र महिला यात्रियों को कैशलेस और मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।

महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता: परिवहन मंत्री

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करना दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए शुरू किया जा रहा यह विशेष इलेक्ट्रिक बस नेटवर्क राजधानी के सबसे व्यस्त मार्गों और महिला यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। सरकार इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन प्रणाली विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका कहना था कि यह पहल न केवल महिलाओं की यात्रा को अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनाएगी, बल्कि राजधानी में स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को भी मजबूत करेगी।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!