
15 जुलाई 2026 //
बलोदा बाजार न्यूज़ धमाका – बलौदाबाजार जिले के पलारी में पुलिस ने डेली नीड्स दुकान की आड़ में गांजा बेच रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में 185 ग्राम गांजा, 43 पुड़ियाजब्त किए गए
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पलारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डेली नीड्स दुकान की आड़ में गांजा बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 185 ग्राम गांजा और बिक्री की नगद राशि बरामद की है।
ग्राहकों को बेच रहा था गांजा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 6, स्टेडियम पारा पलारी निवासी भीमलाल साहू (44 वर्ष) अपनी डेली नीड्स दुकान में अवैध रूप से गांजा रखकर ग्राहकों को बेच रहा है। सूचना मिलते ही थाना पलारी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकान की घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी ली।
43 पुड़िया गांजा बरामद
तलाशी के दौरान दुकान के भीतर रखी एक प्लास्टिक की बाल्टी में छिपाकर रखा काले रंग का पॉलिथीन मिला। पॉलिथीन खोलने पर उसमें 43 पुड़िया गांजा बरामद हुआ। तौल कराने पर गांजे का कुल वजन 185 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2,300 रुपये आंकी गई। पुलिस ने गांजा बिक्री से प्राप्त 150 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना पलारी में अपराध क्रमांक 301/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
लगातार चलाया जा रहा अभियान
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पलारी पुलिस की यह कार्रवाई की गई, जिसमें थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।



