
16 जुलाई 2026 //
बलौदाबाजार न्यूज़ धमाका – भापुसे 2019 बैच के वरिष्ठ अधिकारी राय गौरव रामप्रवेश ने 16 जुलाई को जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के नए पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पुलिस महकमे में किए गए बड़े फेरबदल के बाद बलौदाबाजार-भाटापारा जिले को नया पुलिस कप्तान मिल गया है। वर्ष 2019 बैच के तेजतर्रार आईपीएस (IPS) अधिकारी राय गौरव रामप्रवेश ने आज, 16 जुलाई को जिले के नए पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में विधिवत अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वे नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में अपनी सेवाएं देकर अपनी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की अलग पहचान बना चुके हैं।
दंतेवाड़ा जैसे चुनौतीपूर्ण जिले में प्रभावी पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी कार्यों में बेहतर प्रदर्शन के कारण शासन ने उन्हें अब बलौदाबाजार-भाटापारा जैसे महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में जिले की पुलिस व्यवस्था को नई दिशा और गति मिलेगी। बलौदाबाजार में उनकी राह आसान नहीं होगी।

अपराधों का बदलता स्वरूप और पुलिस की निष्पक्षता की परीक्षा
तेजी से औद्योगिकीकरण के साथ जिले में अपराधों का स्वरूप भी बदल रहा है। सड़क हादसों में बढ़ोतरी, बेलगाम यातायात, साइबर अपराध, अवैध शराब का कारोबार, कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। एवं सामाजिक दबाव जैसी कई चुनौतियां उनके सामने होंगी। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा का गृह जिला होने के कारण प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से भी यह जिला बेहद संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में निष्पक्ष, प्रभावी और संतुलित पुलिसिंग उनके लिए बड़ी कसौटी साबित होगी।
अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई होगी प्राथमिकता
पदभार संभालने के बाद नए पुलिस अधीक्षक राय गौरव रामप्रवेश ने स्पष्ट किया कि, उनकी प्राथमिकता अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करना। वहीं आमजन और पुलिस के बीच विश्वास का रिश्ता और अधिक मजबूत करना रहेगी। साथ ही पुलिस की त्वरित कार्रवाई, कानून का सख्ती से पालन और जनसुनवाई को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
नए पुलिस कप्तान के सामने चुनौतियां
अब जिले की जनता की निगाहें नए पुलिस कप्तान पर हैं कि, वे बदलते अपराध के स्वरूप और प्रशासनिक चुनौतियों से किस तरह प्रभावी ढंग से निपटते हुए
जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाते हैं।



