
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय बगिया, जशपुर में ‘जशपुर पर्यटन एवं कृषि क्रांति’ का औपचारिक शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पहल से इको-टूरिज्म और होम-स्टे के माध्यम से स्व सहायता समूह और किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी शशि मोहन सिंह और अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद थे।
जशपुर जम्बूरी 2025
मुख्यमंत्री ने बताया कि 6 से 9 नवंबर तक जशपुर जम्बूरी 2025 का आयोजन होगा। यह महोत्सव ईको-टूरिज्म, एडवेंचर स्पोर्ट्स, जनजातीय संस्कृति और हस्तशिल्प को बढ़ावा देगा। प्रतिभागियों को रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग, ज़िपलाइन, वॉटर स्पोर्ट्स, हॉट एयर बलून जैसी गतिविधियों का अनुभव मिलेगा। इसके साथ ही कर्मा और सरहुल नृत्य, लोक संगीत, हस्तशिल्प कार्यशालाएँ और स्थानीय व्यंजनों का अनुभव भी होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव न केवल सांस्कृतिक संरक्षण और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनेगा, बल्कि जशपुर को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। इसके तहत युवाओं और पर्यटन से जुड़े लोगों को ट्रेनिंग और GIS मैपिंग व डिजिटल मार्केटिंग के माध्यम से वैश्विक मानकों पर काम करने का अवसर भी मिलेगा।
पहली जशपुर जम्बूरी की सफलता
वर्ष 2024 में आयोजित पहली जशपुर जम्बूरी ने पड़ोसी राज्यों और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के लोगों को आकर्षित किया। चार दिन तक चलने वाले इस उत्सव में जनजातीय नृत्य, पारंपरिक खेल, स्थानीय व्यंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ शामिल थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष का आयोजन और भी बड़े स्वरूप में होगा और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को भी आकर्षित करेगा।
कार्यक्रम का आभार डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा ने व्यक्त किया।



