
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिले। इस अवसर पर साय ने राष्ट्रपति को आगामी सरगुजा में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू भी मौजूद थे।
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री साय उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से भी भेंट करेंगे और उन्हें राज्योत्सव के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में रक्षा क्षेत्र के विकास, बस्तर में सेना भर्ती रैली के आयोजन, और नौसैनिक पोतों को छत्तीसगढ़ की नदियों के नाम पर रखने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने बिलासपुर के निकट भारतीय सेना को 2012 में सौंपी गई लगभग 1000 एकड़ भूमि के उपयोग पर जोर दिया। साय ने सुझाव दिया कि इस भूमि का उपयोग रक्षा उत्पादन, अनुसंधान केंद्र या उपकरण निर्माण पार्क के लिए किया जाए। उन्होंने कहा कि यह कदम क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देगा और राज्य के युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करेगा।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बिलासपुर का क्षेत्र रेल और हवाई मार्ग से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है, जिससे इसे रक्षा उद्योगों के लिए उपयुक्त स्थान बनाया जा सकता है। उन्होंने राज्य सरकार और केंद्र सरकार के सहयोग से रक्षा पार्क विकसित करने की तैयारी का भी संकल्प जताया।
