
रायपुर न्यूज धमाका – राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक नाबालिग पर जानलेवा हमला किया गया। 15 वर्षीय भावेश वर्मा पर वार्ड क्रमांक 14 शिक्षक कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय भीवेश दुबे उर्फ लल्ला ने धारदार चाकू से हमला कर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल नाबालिग को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31 मई की रात भावेश वर्मा खाना खाकर ग्राम खरोरा में निर्माणाधीन मकान के पास स्थित लेबर रूम में सोने गया था। रात करीब 2:30 बजे आरोपी भीवेश दुबे वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर भावेश पर चाकू से वार कर दिया। हमले में भावेश के सिर, हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद पीड़ित ने 1 जून को खरोरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और खून से सने कपड़े, मिट्टी, आरोपी की टोपी, गमछा, लोहे का टूटा हुआ चाकू समेत कई सबूत जब्त किए।
आरोपी भीवेश दुबे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



