
सूरजपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली का एक दर्दनाक नजारा सामने आया है। प्रतापपुर विकासखंड के गोरगी गांव में एम्बुलेंस सेवा और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं न मिलने के कारण परिजनों को एक मरीज को 5 किलोमीटर तक कंधे पर डोली में उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक ले जाना पड़ा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मरीज को कंधे पर ले जाते परिजनों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, आए दिन एम्बुलेंस सुविधा न मिलने के कारण लोगों को ऐसे हालात का सामना करना पड़ता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ता।
बिजली और उपकरणों की हालत भी खस्ता
इससे पहले बिलासपुर के तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी 20 अगस्त को हैरान करने वाला मामला सामने आया था। बिजली गुल होने के कारण डॉक्टर को मोबाइल टॉर्च की रोशनी में गर्भवती महिला का ऑपरेशन करना पड़ा। अस्पताल में न तो जनरेटर की सुविधा है और न ही इनवर्टर सही से काम करता है।
स्थानीय नेताओं का विरोध
बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष फिरोज दिवाकर ने इन घटनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अगर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करेगी।
अधिकारियों का बयान
बीएमओ डॉ. उमेश साहू ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित थी और डिलीवरी रूम का इनवर्टर कनेक्शन भी खराब था। कई बार इस तरह की समस्या में मोबाइल टॉर्च की रोशनी में डिलीवरी करानी पड़ी है। फिलहाल मरीज और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने और हर गांव में एम्बुलेंस सेवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।
