
बिलासपुर न्यूज धमाका – शिक्षा विभाग ने लापरवाही और अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई की है। लोफंदी शाला के शिक्षक एलबी डीलेश्वर प्रसाद कंगण को निलंबित कर दिया गया है, जबकि बिल्हा के प्रभारी प्रधान पाठक ललित कुमार देवांगन की एक वार्षिक वेतन वृद्धि रोक दी गई है।
शिक्षक निलंबित
जिला शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट में पाया गया कि डीलेश्वर प्रसाद कंगण द्वारा सत्र 2025-26 में किसी भी कक्षा का अध्यापन कार्य नहीं किया जा रहा था। वे डेली डायरी का संधारण भी नहीं कर रहे थे और संकुल समन्वयक के दायित्वों की उपेक्षा कर रहे थे। यहां तक कि विद्यालय समय से पहले बंद पाए जाने की जानकारी भी अधिकारियों को नहीं दी गई। इन लापरवाहियों को सेवा नियमों का उल्लंघन मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिलासपुर रहेगा।
प्रधान पाठक पर अनुशासनात्मक कार्रवाई
जांच में यह भी सामने आया कि प्रभारी प्रधान पाठक ललित कुमार देवांगन ने कंगण की अनियमितताओं की सूचना उच्च अधिकारियों को नहीं दी और लापरवाही में सहयोगी बने। इस पर उनकी एक वार्षिक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोक दी गई है।
विभाग का संदेश
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही करने वाले शिक्षकों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
