
अंबिकापुर न्यूज धमाका – लगातार हो रही बारिश ने एक परिवार पर कहर ढा दिया। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लहपटरा में गुरुवार को मिट्टी की दीवार ढहने से मां और बेटी दब गईं। इस हादसे में करीब 5 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि माँ गंभीर रूप से घायल है। घायल महिला को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक राजेश अग्रवाल अस्पताल पहुँचे और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह घटना हुई।
बलौदाबाजार में भी हादसा:
इसी तरह का एक और मामला बलौदाबाजार जिले से सामने आया है। ग्राम अमलीडीह (थाना भाटापारा ग्रामीण) में कच्चा मकान ढहने से 85 वर्षीय धिरिज बाई की मौत हो गई। घटना के समय वह घर के अंदर थीं, तभी अचानक दीवार गिरने से मलबे की चपेट में आ गईं। पुलिस ने शव को मलबे से बाहर निकालकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों का आरोप:
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश से पुराने और कच्चे मकानों में खतरा बना हुआ है। समय रहते प्रशासन द्वारा मरम्मत और राहत कार्य न कराए जाने से ये हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे जर्जर मकानों की तत्काल जांच और प्रभावित परिवारों को सहायता देने की मांग की है।
