
बिलासपुर न्यूज धमाका – खूंटाघाट डेम में बुधवार को पिकनिक मनाने गए दोस्तों के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। पानी में नहाते समय 26 वर्षीय इंजीनियर विशाल मानकर की डूबने से मौत हो गई।
मृतक विशाल मानकर पिता कन्हैया मानकर, मूलतः बालाघाट (मध्यप्रदेश) के रहने वाले थे और वर्तमान में कोरबा सुभाषनगर दीपका में रहते थे। वह दीपका स्थित रिजिटेक कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे।
कैसे हुआ हादसा:
दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के बाद सभी युवक जलाशय में नहाने उतरे। पांच दोस्त बाहर आ गए, लेकिन विशाल पानी से बाहर नहीं निकले। दोस्तों ने खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने तलाशी अभियान चलाया। अंधेरा होने से बुधवार को खोज रोकी गई और गुरुवार सुबह पुनः तलाशी शुरू की गई। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला।
परिजनों का इंतजार टूटा:
हादसे से कुछ दिन पहले विशाल ने पिता को फोन कर बताया था कि वह 15 अगस्त की छुट्टियों में घर आएगा। परिवार उसके आने का इंतजार कर रहा था, लेकिन स्वतंत्रता दिवस पर खुशियों के बजाय अब बेटे का पार्थिव शरीर पहुंचेगा। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
