
दुर्ग न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के दुर्ग में शनिवार को जिला पुलिस बल, सशस्त्र बल, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के लिए मेगा मेडिकल कैम्प का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस विशाल स्वास्थ्य शिविर में 1257 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।
इस कैम्प का शुभारंभ 90 वर्षीय सेवानिवृत्त निरीक्षक राम श्रृंगार उपाध्याय के ओपीडी रजिस्ट्रेशन के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम रहे, जिन्होंने स्वयं भी चिकित्सा परीक्षण कराया। साथ ही, IG रामगोपाल गर्ग और SSP विजय अग्रवाल सहित अनेक पुलिस अधिकारियों ने स्वास्थ्य जांच करवाई।
DGP बोले: समय-समय पर परीक्षण ज़रूरी
अपने संबोधन में DGP अरुण देव गौतम ने कहा कि पुलिसकर्मी अक्सर ड्यूटी की व्यस्तता के कारण अपनी सेहत की अनदेखी कर देते हैं। इसलिए इस तरह के शिविर बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने सभी डाॅक्टरों और आयोजकों का आभार जताया।
IG रामगोपाल गर्ग ने कहा, “पुलिस की नौकरी में कोई निश्चित समय नहीं होता, जिससे नियमित व्यायाम और खानपान में दिक्कत आती है। ऐसे में स्वास्थ्य शिविर राहत पहुंचाने वाला प्रयास है।”
SSP विजय अग्रवाल ने कहा कि DGP की परिकल्पना को साकार करने में IMA और शहर के वरिष्ठ डॉक्टरों ने जो सहयोग दिया है, वह सराहनीय है।
16 विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं
शिविर में भिलाई-दुर्ग के 16 मेडिकल विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श और दवाएं प्रदान कीं। प्रमुख सेवाओं में नेत्र जांच (599 रजिस्ट्रेशन, 300 चश्मा वितरण), त्वचा (76), हड्डी (85), हृदय (29), मूत्ररोग (17), न्यूरो (98), डेंटल (43) जैसे विभागों की सेवाएं शामिल रहीं।
सुविधा शिविर में भी रहा अच्छा प्रतिसाद
शिविर में आयुष्मान कार्ड (63), आधार कार्ड (60), राशन कार्ड (10), लर्निंग लाइसेंस (91) और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (117) के अपडेट की सुविधा भी दी गई।
विशेष योगदान
इस शिविर का आयोजन आईएमए के वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. सुधीर गांगेय और डॉ. ए.पी. सावंत के विशेष प्रयास से सफल हो सका। साथ ही, स्पर्श मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लाईफ केयर रिसर्च सेंटर, रूंगटा डेंटल कॉलेज और महावीर इंटरकॉन्टीनेंटल सर्विस ऑर्गनाइज़ेशन ने सक्रिय सहयोग दिया।



