
कवर्धा न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पंडरिया थाना क्षेत्र के सिंगारपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब दोनों खेत में प्याज की फसल को बारिश से बचाने गए थे।
बारिश से पहले खेत पहुंचे, नहीं बच सकी जान
मृतकों की पहचान गणेश पटेल (40 वर्ष) और उनकी पत्नी मीरा पटेल (36 वर्ष) के रूप में हुई है। मंगलवार देर शाम इलाके में अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान दोनों खेत पहुंचे और प्याज की फसल को तिरपाल से ढंकने की कोशिश कर रहे थे, तभी आकाशीय बिजली सीधे उन पर गिरी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गांव में शोक की लहर
हादसे की खबर मिलते ही सिंगारपुर गांव में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। पंडरिया थाना पुलिस और स्थानीय राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग ने किसानों और ग्रामीणों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खेतों या खुले स्थानों पर न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।

