विदेश

मंगल ग्रह के यूटोपिया प्लैनिटिया इलाके में मिले ‘सूखी झील’ के सबूत,तीन अरब साल पहले शुरू हुई थी

विदेश,न्यूज़ धमाका :- मंगल ग्रह को लेकर वैज्ञानिकों की यह उम्मीद सही साबित होती जा रही है कि इस लाल ग्रह पर कभी प्रचुर मात्रा में पानी मौजूद था। अब ताजा शोध में भी खगोल वैज्ञानिकों को पता चला है कि मंगल ग्रह पर पानी मौजूद था। हाल ही में मंगल ग्रह पर सूखी हुई झील के साक्ष्य भी मिले हैं, जिससे मंगल ग्रह पर जीवन की संभावनाओं को बल मिला है।

मंगल पर सूखी झील होने के सबूत चीन के जुरोंग रोवर ने खोजे हैं। रोवर को ऐसे सबूत मिले हैं जो बताते हैं कि मंगल ग्रह पर पानी पहले के अनुमान से अधिक समय तक मौजूद था। आपको बता दें कि जुरोंग रोवर 15 मई 2021 को मंगल के उत्तरी गोलार्ध में उतरा था। जुरोंग रोवर को एक मैदान में लैंड कराया गया था, जिसे ‘यूटोपिया प्लैनिटिया’ के नाम से जाना जाता है।

1976 में उतरा था नासा का वाइकिंग-2 लैंडर

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का वाइकिंग 2 लैंडर भी 1976 में मंगल ग्रह पर यूटोपिया प्लैनिटिया पर ही उतरा था। चीनी रोवर का शुरुआती मिशन मंगल ग्रह पर प्राचीन जीवन के सबूत खोजना था। रोवर बीते कई महीनों से खनिजों, मंगल ग्रह के पर्यावरण और मैदान में फैले पानी और बर्फ के विशाल क्षेत्र की जांच कर रहा था। चीन के जुरोंग रोवर ने मंगल ग्रह की लैंडिंग साइट की जांच करने के बाद आंकड़े जुटाए।

3 अरब साल पहले शुरु हुआ बुरा समय

चीनी रोवर के डेटा से पता चलता है कि यूटोपिया प्लैनिटिया इलाके में पानी मौजूद था। वैज्ञानिकों का मानना है कि अरबों साल पहले मंगल एक गर्म और पानी से भरपूर ग्रह था लेकिन धीरे-धीरे ये ग्रह बर्फीले रेगिस्तान में बदल गया। जिस समय मंगल ग्रह पर पर्यावरण के लिहाज से बुरा समय शुरू हुआ था, उस युग को ‘अमेजोनियन युग’ कहा जाता है, जो करीब 3 अरब साल पहले का समय है।

खगोल वैज्ञानिकों ने मंगल ग्रह पर बेसिन में पाए जाने वाले खनिजों के बारे में जुरोंग डेटा का विश्लेषण किया। वैज्ञानिकों को संग्रहित किए गए डाटा में हाइड्रेटेड सिलिका और सल्फेट्स भी मिले हैं। शोध के प्रमुख लेखक यांग ने कहा कि हमें लैंडिंग साइट पर हाइड्रेटेड खनिज मिले। ये हाइड्रेटेड खनिज मंगल ग्रह पर पानी होने के सबूत देते हैं।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!