
खैरागढ़ न्यूज़ धमाका // विधानसभा उप चुनाव में केंद्रीय मंत्रियों की एंट्री होने जा रही है। केंद्रीय खाद्य, उद्योग और जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मंगलवार को छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। तीन दिन के प्रवास के दौरान वे दो दिन खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों-कस्बों में भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगे।
सोमवार की रिपोर्ट में बताया था, भाजपा खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव में लोधी समाज के वोटों के ध्रुवीकरण के लिए समाज के केंद्रीय नेताओं की एंट्री कराएगी। प्रहलाद सिंह पटेल इसी समाज से आते हैं। भाजपा ने पटेल को इस खास रणनीति के तहत खैरागढ़ उप चुनाव के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल कराया है।
भाजपा के रणनीतिकारों की कोशिश मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को भी प्रचार के लिए लाने की है। उमा भारती भी लोधी समाज से आती हैं। समाज में उनका सम्मान भी अधिक है। खैरागढ़ रियासत के वफादारों को साधने के लिए ग्वालियर राजपरिवार के प्रतिनिधि और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को लाया जा सकता है।
वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का दौरा भी प्रस्तावित है। खैरागढ़ में भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल और कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा दोनों ही लोधी समाज से आते हैं। कांग्रेस उम्मीदवार लोधी समाज की पदाधिकारी भी हैं, ऐसे में समाज के वोटो का ध्रुवीकरण जीत की कुंजी बताया जा रहा है।
आज-कल ऐसा रहेगा प्रहलाद पटेल का कार्यक्रम
भाजपा के मीडिया प्रभारी निलिनीश ठोकने ने बताया, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल पांच अप्रैल को शाम 7.45 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां से भिलाई के विश्राम गृह पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। छह अप्रैल को भिलाई से अमलीडीहकला पहुंच कर सुबह 11 बजे भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर एक बजे खैरागढ़ मंडल के पिपरिया में जनसंपर्क करेंगे और शाम चार बजे छुईखदान मंडल के उदयपुर में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे।
तीसरे दिन दो जनसभा और जनसंपर्क
केन्द्रीय खाद्य, उद्योग एवं जलशक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल 7 अप्रैल को सुबह 11 बजे खैरागढ़ ग्रामीण मंडल के राहुद में कायकर्ता व आमजन को संबोधित करेंगे। वहां से निकलकर वे भोरमपुरकला में जनसंपर्क करेंगे। उसी दिन शाम 04 बजे खैरागढ़ ग्रामीण मंडल के जलबांधा में आयोजित आमसभा को संबोधित करने वाले हैं। सभा के बाद केंद्रीय मंत्री सीधे रायपुर पहुंचेंगे। अगली सुबह यानी आठ अप्रैल को सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
आज मुख्यमंत्री का गंडई व छुईखदान क्षेत्र में अभियान
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का प्रचार अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहने वाला है। मुख्यमंत्री मंगलवार को रायपुर से डोंगरगढ़ जाएंगे। वहां बम्लेश्वरी माता के मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद गंडई में आम सभा को संबोधित करने वाले हैं। वहां से वे छुईखदान क्षेत्र के रोड अतरिया में सभा करेंगे। छुई खदान तहसील के ही बुंदेली, उदयपुर और पद्मावतीपुर गांव में मुख्यमंत्री की जनसभा प्रस्तावित है।



