
न्यूज़ धमाका :-केंद्र सरकार ने फरवरी में मूंग आयात प्रतिबंधित कर दिया था। अब इस नीति में आंशिक संशोधन कर पुराने सौदों को भारत के बंदरगाहों तक पहुंचने का रास्ता साफ हो गया है। सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है कि 11 फरवरी के पहले हुए मूंग आयात के ऐसे सौदे जिनमें अग्रिम भुगतान किया गया है। चाहे वह पूर्ण भुगतान हो या आंशिक भुगतान किया हो, उस सौदे की मूंग आयात करने की इजाजत कुछ शर्तों के साथ दी गई है। आयात भुगतान की गई राशि के अनुपात में होगा। सौदे के बिल आफ लैंडिंग 31 मार्च 2022 तक के या पहले के होने चाहिए। ये भी ज्ञात हो 11 फरवरी 2022 को मंत्रालय ने अचानक एक अधिसूचना जारी कर मूंग के आयात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया था।
आयातक सरकार से इस निर्णय को वापस लेने की मांग लगातार कर रहे थे क्योंकि जो जहाज रास्ते में है या जिन पर माल का लदान हो रहा था उनका भविष्य अधर में था। सरकार के इस निर्णय से आयातकों ने राहत की सांस ली होगी। इधर, देसी मूंग की बोवनी जोरों पर चल रही है और गर्मी सीजन की मूंग 45-50 दिन में तैयार हो जाती है। ऐसे में उम्मीद है कि 15 अप्रैल के आसपास गर्मी सीजन की नई मूंग की दस्तक मंडियों में हो सकती है।
इसे ध्यान में रखते हुए मूंग में फिलहाल तेजी की स्थिति नजर नहीं आ रही है। इस समय मूंग बेस्ट 7200-7400 एवरेज 6000-6800 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रही। इधर महाशिवरात्रि की वजह से इंदौर के साथ ही प्रदेश की अधिकांश मंडियों में अवकाश रहा लेकिन कुछ गाड़ियां मंडी के बाहर आने से चने के प्राइवेट कामकाज हुए हैं जिसमें मिलों की लेवाली कम होने से भाव कमजोर बोले गए। चना कांटा 5025-5050 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया।



