
रायपुर से लगे धरसीवां के धनेली बाजार चौक में बड़ी चोरी की वारदात को चोरों ने मंगलवार की रात अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक धरसीवां थाना के सिलतरा पुलिस चौकी इलाके में सुरेश ज्वेलर्स का शटर तोड़कर दुकान में रखे डेढ़ किलो चांदी और एक किलो सोने के जेवर समेत दुकान के कैमरे तोड़कर डीवीआर शातिर चोर ले गए। चोरी गए सोने-चांदी के जेवरों की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। ज्वेलर्स में हुई लाखो के जेवरों की चोरी मामले में चोरी की वारदात की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। वीडियो फूटेज वायरल हो रहा है, जिसमें तीन अज्ञात चोरों द्वारा घटना को अंजाम दिया जा रहा है।
छठ पूजा में बिहार गया था परिवार, सूने घर में चोरों का धावा
त्योहारी सीजन में सूने मकान में चोरी की घटनाएं बढ़ गई है। अज्ञात चोर सूने मकान को अपना निशाना बना रहे हैं। विनायक कालोनी निवासी पीड़ित और उनके पड़ोसी स्वजनों के साथ छठ पूजा मनाने बिहार गए थे। वापस लौटे तो देखा कि अज्ञात चोर ने दोनों के मकान का ताला तोड़कर सूने घर पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों ने सरस्वती नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
सरस्वती नगर पुलिस के अनुसार सिद्धी विनायक कालोनी, भवानी नगर में आदित्य कुमार सिंह और जयशंकर सिंह का मकान लगा हुआ है। दोनों पड़ोसी अपने स्वजनों के साथ छठ पूजा मनाने के लिए 5 नवंबर को अपने गृहग्राम बिहार गए थे। सोमवार को करीब 12.30 बजे जब वापस आए तो दोनों ने अपने-अपने घर का मुख्य द्वार खोलकर अंदर गए तो देखा कि अंदर के गेट का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो दोनों के घर से सोने-चांदी के जेवर, लैपटाप सहित अन्य सामानों की चोरी हो गई थी।
