
13 जून 2026
बिलासपुर न्यूज़ धमाका – : छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के रतनपुर स्थित बिकमा तालाब में नहाने पहुंचे लोगों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तालाब के बाहर एक गड्ढे में मगरमच्छ के 6 बच्चे दिखाई दिए। इसके बाद उन्होने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने मगरमच्छ के बच्चों का रेस्क्यू किया और उन्हें खूंटाघाट डैम में छोड़ दिया
नहाने पहुंचे लोगों में मचा डर का माहौल
रोजाना की तरह सुबह जब स्थानीय लोग बिकमा तालाब में नहाने पहुंचे, तो उनकी नजर इन नन्हे मगरमच्छों पर पड़ी। तालाब किनारे मगरमच्छ के बच्चों को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए इसकी सूचना रतनपुर पुलिस और वन विभाग को दी।

वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक मगरमच्छ के बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। टीम ने बच्चों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की संभावना टल गई
बिकमा तालाब में मौजूद हैं तीन मगरमच्छ
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, बिकमा तालाब में अभी भी तीन बड़े मगरमच्छ मौजूद हैं। मादा मगरमच्छ ने तालाब के किनारे अंडे दिए थे, जिनसे हाल ही में बच्चे बाहर निकले हैं। वन विभाग की टीम पूरी तरह अलर्ट है और लगातार निगरानी रख रही है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी जलाशय, तालाब या नदी के आसपास मगरमच्छ दिखाई दे तो तुरंत विभाग को सूचना दें और स्वयं उसे पकड़ने या छेड़ने की कोशिश न करें।
वन विभाग की निगरानी बढ़ी
घटना के बाद वन विभाग ने तालाब और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में मगरमच्छों की मौजूदगी की जांच की जा रही है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।




