
कोंडागांव न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। माकड़ी ब्लॉक के कांटागांव स्थित गर्ल्स हॉस्टल में रविवार सुबह 11 वर्षीय छात्रा का शव टाई के फंदे पर लटका मिला। इस घटना से हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, छात्रा के परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
घटना के बाद हॉस्टल परिसर में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्रा कक्षा पांचवीं की छात्रा थी और कांटागांव स्थित सरकारी गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे जब उसे भोजन के लिए बुलाया गया, तो वह नहीं आई। स्टाफ जब उसके कमरे में पहुँचा तो छात्रा टाई के सहारे फांसी के फंदे पर झूलती हुई मिली। सूचना मिलते ही अन्य छात्राओं और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने लगाया आरोप
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुँचे और हॉस्टल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
परिजनों का कहना है कि पहले उन्हें छात्रा के बेहोश होने की बात कही गई, जबकि वास्तविकता बाद में बताई गई। उनका आरोप है कि अगर समय पर सूचना दी जाती, तो छात्रा की जान बचाई जा सकती थी।
प्रशासन और पुलिस की टीम पहुँची मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, तहसीलदार, शिक्षा अधिकारी और पुलिस विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुँची।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल, छात्रा की आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है, और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
मामले की जांच जारी
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, हॉस्टल वार्डन और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
वहीं, पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
