छतीसगढ़धमतरी

करंट लगने से युवक की मौत: लक्ष्मी पूजा की शाम लाइटों की फोटो लेने गया था, आ गया करंट की चपेट में

नगरी न्यूज धमाका – दिवाली की खुशियां एक गांव में मातम में बदल गईं, जब लक्ष्मी पूजा की शाम फोटो खींचते समय एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना विकासखंड नगरी के ग्राम पंचायत सेमरा की है। मृतक युवक का नाम गेविश देवांगन (20 वर्ष), पिता मिलाप देवांगन बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, दिवाली के अवसर पर गेविश ने अपने घर को झालर और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया था। शाम को वे अपने घर की सजावट की तस्वीर लेने के लिए पंचायत भवन के पास अपने ट्रैक्टर पर चढ़े, जहां रेलिंग पर लगी लाइटों में विद्युत करंट प्रवाहित था। जैसे ही उनका हाथ रेलिंग से छू गया, वे करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नगरी पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि कुछ ही दिन पहले गेविश ने अपना जन्मदिन धूमधाम से मनाया था।

“गांव ने एक होनहार युवक खो दिया”
ग्रामीण पप्पू देवांगन ने बताया कि गेविश स्वभाव से मिलनसार और समाजसेवी कार्यों में सक्रिय युवक था। उसके निधन से गांव ने एक उज्ज्वल भविष्य वाला युवा खो दिया है।

वहीं, ग्राम पंचायत की सरपंच कविता देवांगन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अगर पंचायत को दीवार में करंट प्रवाह की जानकारी होती, तो समय रहते सुधार कार्य कराकर यह हादसा टाला जा सकता था।

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं
घटना के बाद पूरे सेमरा गांव सहित नगरी क्षेत्र में शोक की लहर है। दिवाली की रौनक गम में बदल गई है। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!