
रायपुर न्यूज धमाका – उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। अयोध्या दर्शन कर लौट रही छत्तीसगढ़ की एक डबल डेकर टूरिस्ट बस ओवरटेक के दौरान ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। हादसे में कांकेर और राजनांदगांव जिले के चार श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, दिए जरूरी निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा:
“वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर हुई बस दुर्घटना में कांकेर और राजनांदगांव जिले के चार श्रद्धालुओं के असमय निधन व छह के गंभीर रूप से घायल होने का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ। प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।”
सीएम ने संबंधित जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग, घायलों का समुचित इलाज और मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीहीपुर क्रॉसिंग के पास बस चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर ट्रक से बस टकरा गई। चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।
मृतक और घायल यात्री
मृतकों में कांकेर जिले की आशा भवल, गुलाब, बस चालक दीपक और एक अन्य अज्ञात यात्री शामिल हैं। घायल श्रद्धालुओं को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
प्रशासन अलर्ट पर
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।



