छतीसगढ़बिलासपुर

एक ही जमीन को बेचने चार लोगों से सौदा कर लिए 70 लाख, महिला समेत तीन गिरफ्तार

 बिलासपुर न्यूज धमाका – सीपत क्षेत्र के ग्राम झलमला में रहने वाले गोविंद राम साहू ने धोखाधड़ी की शिकायत की है। पीड़ित ने बताया कि ग्राम झलमला में रहने वाले अभिषेक साहू और उसके परिवार के लोगों के शामिल खाते की सात एकड़ 30 डिसमिल जमीन है। इसे अभिषेक और उसके परिवार वाले बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।

जमीन का सौदा

गांव की जमीन होने के कारण गोविंद ने खरीद लेने की बात कही। इस पर अभिषेक और उसके परिवार वालों ने जमीन का सौदा कर अभिषेक और उसके परिवार वालों को 42 लाख 36 हजार रुपये दे दिए। रुपये मिलने के बाद वे रजिस्ट्री के लिए टालमटोल कर रहे थे।

एक ही जमीन के कई सौदे

इसी बीच पता चला कि उन्होंने गांव के ही राजेंद्र साहू से नौ लाख 50 हजार, गुलाम जान से 10 लाख, लुतरा निवासी शेख करीम से दो लाख 50 हजार, मोपका निवासी हर्ष कश्यप से चार लाख 70 हजार रुपये लिए हैं। सभी को उसने जमीन की रजिस्ट्री जल्द करा देने का आश्वासन दिया है। सभी ने जब अपने रुपयों की मांग की तो वे गांव छोड़कर भाग निकले।

घेराबंदी कर पकड़ा

गोविंद की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपित अभिषेक साहू, अरविंद साहू और अहिल्या बाई बलौदाबाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र अंतर्गत दामाखेड़ा में छुपकर रह रहे हैं। पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है।

अवैध प्लाटिंग कर बेच दी जमीन, खरीदार की शिकायत पर जुर्म दर्ज

तोरवा क्षेत्र के महमंद में जमीन मालिक ने नियमों को ताक में रखकर अवैध प्लाटिंग किया। इसके बाद खरीदार को जमीन का डायवर्सन और नामांतरण करा देने की बात कही। नामांतरण और डायवर्सन नहीं होने पर पीड़ित ने तोरवा थाने शिकायत की है। शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

कोतवाली क्षेत्र के गोंडपारा में रहने वाले प्रदीप गुप्ता ने तोरवा थाने में धोखाधड़ी की शिकायत की है। पीड़ित ने बताया कि महेमंद में रहने वाले इनायत हुसैन के नाम पर जमीन है। उसने अपनी जमीन को बिना ले आउट पास कराए छोटे टुकड़ों में बेच दिया। उसने जमीन का डायवर्सन और नामांतरण कराने की बात कही थी। उसकी बातों में आकर प्रदीप ने जमीन खरीद ली।

बाद में पता चला कि इनायत हुसैन ने नियमों काे ताक पर रखकर अवैध प्लाटिंग की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपित की तलाश कर रही है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!