
इंदौर न्यूज़ धमाका // एक महिला की हत्या का सनसनीखेज वारदात सामने आया है. महिला कुछ दिन पहले ही पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने गई थी, लेकिन विवाद के बाद वापस अपने पति के पास आ गई. यह प्रेमी को नागवार गुजरा. रविवार रात महिला अपनी बच्ची के साथ सब्जी खरीदने गई थी, तभी उसके प्रेमी ने चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. वारदात के बाद प्रेमी फरार है, जिसकी तलाश जारी है. हत्या की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
घटना भंवरकुआं थाना क्षेत्र के पालदा इलाके की है. वैजयंती उर्फ संगीता नाम की महिला की उसके प्रेमी ने ही चाकुओं से गोदकर कर हत्या कर दी. दरसअल महिला अपने पति बबलू के साथ पिछले 5 वर्षों से इंदौर में आरटीओ रोड के पीछे झोपड़पट्टी में रहकर मजदूरी करती थी. उसी दौरान महिला की सुपरवाइजर विनोद से दोस्ती हो गई.
यह दोस्ती प्यार में बदल गई. जिसके बाद करीब 1 महीने पहले महिला अपने पति को छोड़कर प्रेमी विनोद के साथ रहने लगी थी. तभी पिछले दिनों दोनों में विवाद हो गया. इसके बाद महिला फिर वापस अपने पति के पास आ गई थी. रविवार रात महिला पालदा बाजार में सब्जी लेने के लिए अपनी छोटी बेटी शिवानी के साथ गई थी.
इसी दौरान रास्ते में महिला संगीता का प्रेमी विनोद मिला. जिससे कुछ कहासुनी होने पर उसने चाकू से वार कर दिया. इस हमले में घायल महिला को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. जांच अधिकारी ने बताया कि मामले में भंवरकुआं पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्जकर प्रेमी विनोद की तलाश शुरू कर दी है.




