
जशपुरनगर,न्यूज़ धमाका :-बगीचा थाना क्षेत्र के गायलूंगा गांव शुक्रवार की सुबह पांच बजे बाइक सवार दो हमलावरों ने 62 साल की वृद्धा पर फायरिंग कर दी। चहरे में गोली लगने से वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उन्हें इलाज के लिए कुनकुरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी राजेश अग्रवाल व एएसपी प्रतिभा पांडेय मौके पर पहुंच गए हैं। गायलूंगा निवासी मोहनी बाई (62) पति भूलन शुक्रवार की तड़के करीब पांच बजे घर से निकल कर नित्यकर्म के लिए बाड़ी की ओर जा रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाइक सवार दो युवकों ने वृद्धा पर गोली दाग दी। गोली वृद्धा के गाल में गोली लगी है।
फायरिंग और घायल मोहनी की आवाज सुनकर स्वजन और पड़ोसी मदद के लिए दौड़े। इस बीच घटना को अंजाम देकर हमलावर मौके से भाग निकले। संजीवनी एंबुलेंस के सहयोग से घायल महिला को इलाज के लिए कुनकुरी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल को रेफर कर दिया है।
इस बीच घटना की सूचना मिलने पर एसपी, एएसपी सहित पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने घटनास्थल पर डेरा डाल दिया है। अधिकारी घायल महिला के स्वजनों और पड़ोसियों से पूछताछ में जुटी है। बताया जा रहा है कि वृद्धा पर हमला का एक प्रत्यक्षदर्शी भी पुलिस को मिला है। अपराधियोद्ध तक पहुचंने के लिए पुलिस पीड़ित वृद्धा की पारिवारिक पृष्ठभूमि के साथ जमीन संपत्ति की जानकारी भी जुटा रही है।
साइबर और डाग स्क्वायड की टीम जुटा रही सुराग ढूढने में
हमलावरों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने पूरी ताकत झोंक दी है। एसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर मौके पर साइबर और स्वान दल पहुंच चुका है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार बीते कुछ दिनों से घायल महिला दो अज्ञात लोगों द्वारा शराब मांगे जाने को लेकर परेशान थी।
