
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) प्रदेश अध्यक्ष का बदलाव राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया है कि पूर्व अध्यक्ष रवि भगत को जिला खनिज निधि (DMF) और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाने की वजह से पद से हटाया गया।
बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “रवि भगत ने ‘अडानी संचार विभाग’ के प्रवक्ता (वर्तमान मंत्री) से DMF और CSR में भ्रष्टाचार को लेकर सवाल पूछे थे। न जवाब मिला, न जांच हुई और न कार्रवाई। उल्टा उन्हें पहले नोटिस दिया गया और अब अध्यक्ष पद से हटा दिया गया।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे आदिवासी नेतृत्व पर हमला बताते हुए कहा, “एक आदिवासी युवा नेता को संदेश दिया गया है कि अडानी की टीम के खिलाफ बोलोगे तो कीमत चुकानी पड़ेगी। भाजपा अब आदिवासियों से नेतृत्व भी छीन रही है।”



