
मानपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में बुधवार शाम हुई मुठभेड़ में पुलिस और केंद्रीय बलों ने नक्सल संगठन के दो बड़े नेताओं को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य और 90 लाख का इनामी विजय रेड्डी भी शामिल था।

शुक्रवार को विजय रेड्डी का बेटा सुगुलूरी रामकृष्ण आंध्र प्रदेश से मोहला पहुंचा और सभी औपचारिकताएं पूरी कर शव अपने कब्जे में लिया। इस दौरान उसने कहा, “मुझे पिता की मौत का दुख नहीं है। जब मैं दो साल का था तब उन्हें देखा था, उसके बाद कभी मुलाकात नहीं हुई।”
रामकृष्ण ने बताया कि परिवार में मां और बड़ा भाई हैं, जो नानी के साथ रहते हैं। उसने खुद सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और वर्तमान में आउटसोर्सिंग कार्य करता है, जबकि बड़ा भाई एम.टेक कर चुका है और एक्सिस बैंक में कार्यरत है।
विजय रेड्डी पर आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में कई संगीन अपराध दर्ज थे। लंबे समय से सक्रिय रेड्डी आरकेबी डिवीजन कमेटी का संस्थापक भी था। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया, जिसे लेकर रामकृष्ण देर रात आंध्र प्रदेश के लिए रवाना हुआ।
