
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार अब तय माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 अगस्त से पहले तीन नए मंत्रियों को शपथ दिला सकते हैं। इसके बाद कैबिनेट 14 सदस्यीय हो जाएगा। पार्टी नेतृत्व से इसके लिए हरी झंडी मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री साय 21 अगस्त को जापान और दक्षिण कोरिया यात्रा पर रवाना होंगे, ऐसे में उससे पहले ही शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है।
सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन पर जोर
पार्टी सूत्रों का कहना है कि विस्तार में सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों का ध्यान रखा जाएगा। एक मंत्री सामान्य वर्ग से, एक अनुसूचित जनजाति वर्ग से और एक पिछड़ा वर्ग से शामिल हो सकता है। संभागीय संतुलन के लिहाज से बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग से एक-एक चेहरा मंत्री बनाया जाएगा।
वर्तमान कैबिनेट में फेरबदल नहीं
मौजूदा मंत्रियों को हटाए जाने की संभावना नहीं है। केवल नए मंत्री शामिल होंगे। हालांकि बीते महीनों में लक्ष्मी रजवाड़े, दयालदास बघेल और टंकराम वर्मा को लेकर बदलाव की चर्चाएँ चलती रही हैं, लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं हुआ है।
