
गिन्नाौरी स्थित शासकीय हमीदिया उमा विद्यालय में गुरुवार को बाल सप्ताह के अंतर्गत बाल मेला ( बाल चहल – पहल) का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य ब्रजेश चौहान और जिला शिक्षा अधिकारी नितिन सक्सेना द्वारा किया गया। इस अवसर पर मप्र बाल अधिकार संरक्षण आयोग एवं शिक्षा विभाग में बच्चों के लिए रचनात्मक पत्रकारिता करने के लिए नवदुनिया की संवाददाता अंजली राय को बाल सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ ही प्रिंट मीडिया के अन्य पत्रकार पल्लवी बाघेला, वंदना श्रोती, प्रवीण मालवीय, दीपेश कौरव बाल अपराध प्रकोष्ठ के एआइजी महावीर मुजाल्दे, सब इंस्पेक्टर नमिता साहू ( भूत पूर्व निर्भया प्रभारी ), महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक रामगोपाल यादव को भी बाल सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कोरोना मुक्त मप्र का प्रथम कार्यक्रम क्राफ्ट के स्टाल से लेकर हर प्रकार के स्टाल एवं झूलों का आनंद लेते हुए बच्चों का बाल चहल-पहल मेला भी आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान आयोग के सदस्य ब्रजेश चौहान, डीईओ नितिन सक्सेना, प्राचार्य सरला कश्यप द्वारा बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंजली मिश्रा से कराई गई, जो कि निर्धन परिवार में जन्मी और अभावों के बीच मेहनत कर आइआइटी में चयनित हुई हैं और वर्तमान में इलेक्ट्रिकल्स ब्रांच से मैनिट भोपाल में अध्ययनरत हैं। आयोग द्वारा इनका भी सम्मान किया गया। इस मौके पर बाल आयोग के सदस्य ब्रजेश चौहान ने बच्चों को उनके अधिकारों के लिए जागरुक किया। उन्होंने बच्चों कहा कि जब भी कोई बात हो तो इसकी शिकायत टोल फ्री नम्बर 1098 पर करे।


