नारायणपुर न्यूज़ धमाका // छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में कथित मुठभेड़ में हुई क्रॉस फायरिंग में जिस निर्दोष युवक के मारे जाने की बात आईजी ने कबूली है उस युवक के दोस्तों का बयान भी अब सामने आया है। मारे गए युवक के दोस्तों ने कहा- रात में हम मुर्गी और चिड़िया का शिकार करने के लिए जंगल गए थे। एक मुर्गी को मारा भी, जिसे टॉर्च से ढूंढ रहे थे। ढूंढते हुए सड़क की तरफ चले गए। इसी बीच गश्त कर रहे पुलिस के जवानों ने हम पर गोली चला दी। गोली लगने से मानूराम नुरेटी की जान चली गई।
मानूराम के दोस्त अर्जुन और बीरजुराम ने बताया कि गोली लगने के बाद हम डर गए और वहां से भागकर गांव आ गए थे। पुलिस ने मानूराम नुरेटी को मारने के बाद उसे वर्दी भी पहनाई। इसके अलावा कहीं से टिफिन बम भी लाकर रख दिए थे। युवकों ने कहा- मानूराम नक्सली नहीं था, न ही उसका नक्सल संगठन से कोई संबंध था। गांव के सभी दोस्त मिलकर सप्ताह में एक दिन शिकार के लिए निकलते थे। उस रात भी शिकार के लिए जंगल गए हुए थे। युवकों ने कहा कि हमारी गलती थी कि हम मुर्गी को ढूंढने के लिए सड़क तक पहुंच गए थे और पुलिस ने गोली मार दी।
पुलिस ने जारी की थी घटना स्थल से बरामद किए सामानों की तस्वीर।
पुलिस के जवान ही दे रहे थे मानूराम को ट्रेनिंग
गांव के एक अन्य युवक बिरसाए पोटाई ने बताया कि मानूराम के साथ हम लोग नारायणपुर के मैदान में पुलिस भर्ती के लिए ट्रेनिंग में जाते थे। पुलिस वाले खुद ही ट्रेनिंग देते थे। हर दिन सुबह 6 से 8 बजे तक ट्रेनिंग चलती थी। बस्तर फाइटर्स में भर्ती के लिए उसने फॉर्म भी भरा था। मानूराम का भरंडा में खेत है। वो खेती किसानी का काम भी करता था। कभी-कभी यहीं गांव में ही रुक जाया करता था। उसका भाई भी DRG में जवान है।
मृतक के परिजन।
पुलिस ने शव कर साथ हथियार और बम भी किया था बरामद
इस घटना के बाद पुलिस ने बताया था कि रात में करीब 15 मिनट तक मुठभेड़ चली थी। मुठभेड़ में नक्सली के शव के साथ भरमार बंदूक और टिफिन बम समेत तार भी बरामद किया गया था। लेकिन, अब जब पुलिस ने युवक को निर्दोष ग्रामीण बताया है तो आखिर टिफिन बम, तार समेत अन्य सामान कहां से बरामद किए गए हैं? इसपर भी सवाल खड़ा हो रहा है। हालांकि पुलिस की तरफ से इस संबंध में कोई बयान सामने नहीं आया है।
IG ने बताया मुठभेड़ में क्रॉस फायरिंग में मारा गया था युवक
बस्तर के IG सुंदरराज पी ने कहा कि 24-25 जनवरी की रात करीब 1 बजे नक्सलियों के साथ जवानों की मुठभेड़ हुई थी। वहीं क्रॉस फायरिंग में युवक को गोली लगी थी। घटना स्थल की सर्चिंग के दौरान युवक मानूराम नुरेटी का शव और भरमार बंदूक बरामद किया गया था। जिसकी प्रारंभिक तौर पर नक्सली के रूप में शिनाख्त हुई थी। लेकिन, जब मामले की जांच की गई तो पता चला युवक गांव का ही एक ग्रामीण है।
मानूराम नुरेटी।
आईजी ने बताया था मानूराम अपने अन्य दो साथियों के साथ रात में भरमार बंदूक लेकर जंगल में शिकार के लिए गया हुआ था। IG ने कहा कि, क्रॉस फायरिंग में जब मानूराम को गोली लगी तो उसके साथ में जो अन्य दो लोग थे वे भाग गए थे। जिस युवक की मौत हुई है वो गोटिया गांव का निवासी है। लेकिन वो कुछ दिन पहले से ही भरंड़ा गांव में रहने लगा था। I