छतीसगढ़जशपुर

छत्तीसगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात: बेटे ने कुल्हाड़ी से मां की हत्या कर शव के टुकड़े किए, गाना गाते हुए बैठा रहा आरोपी

जशपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से मंगलवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से हत्या कर शव को कई टुकड़ों में काट दिया। हत्या के बाद आरोपी शव के पास बैठकर गाना गाने लगा।

आरोपी की पहचान और घटना का विवरण

आरोपी युवक की पहचान जीत राम यादव के रूप में हुई है, जबकि मृतका की पहचान उसकी मां गुल बाई के तौर पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी शव के पास बैठा रहा और आसपास आने वालों को कुल्हाड़ी से धमकाने लगा। इस भयावह घटना को देख आसपास के लोग दहशत में आ गए।

पुलिस की मशक्कत के बाद गिरफ्तारी

सूचना मिलने पर कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन आरोपी हाथ में कुल्हाड़ी लेकर आक्रामक हो गया और किसी को पास नहीं आने दे रहा था। काफी मशक्कत और सतर्क रणनीति के बाद पुलिस ने आरोपी को काबू में कर गिरफ्तार कर लिया।

मानसिक स्थिति पर संदेह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जीत राम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। परिवारवालों ने बताया कि कुछ समय पहले वह केरल में काम करता था और वहीं से उसकी मानसिक हालत बिगड़ने लगी थी। दो दिन पहले ही परिवार ने उसे घर बुलाया था। घटना के समय घर के अन्य सदस्य भी मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस का बयान

जशपुर पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी हत्या के बाद अत्यधिक आक्रामक था। प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की मानसिक बीमारी, नशे की हालत और पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!