
जगदलपुर न्यूज़ धमाका /// शहर में सड़क दुर्घटना में घायल हुए व्यक्ति को अस्पताल तक पहुंचाने वाले मददगार को अब सम्मान के रूप में 500 रुपए दिए जाएंगे। जगदलपुर में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। समिति का मानना है कि ऐसा करने से सड़क दुर्घटना में होने वाली मौत के आंकड़ों में कमी आएगी। दुर्घटना के बाद एम्बुलेंस का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और समय पर घायल व्यक्ति को इलाज भी मिल जाएगा।बस्तर सांसद दीपक बैज, जगदलपुर विधायक रेखचंद जैन, कलेक्टर रजत बंसल और SP जितेंद्र मीणा की मौजूदगी में सर्व सहमति से यह निर्णय लिया गया है।
घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के बाद मददगार को रुपए कौन और किस माध्यम से देगा फिलहाल अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है। इधर जनप्रतिनिधि और अधिकारों ने सड़क हादसों को रोकने के लिए कई तरह की योजनाएं भी बनाई है।यातायात प्रभारी हेमसागर सिदार ने बताया कि, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए मुख्य मार्गों से जुड़ने वाली सड़कों में रबर स्ट्रिप लगाने, अंधे मोड़ों के आसपास झाड़ियों की सफाई करने, वाहनों में स्पीड गवर्नर, रिफ्लेक्टर की जांच करने का काम किया जाएगा। लाइसेंस एवं इंश्योरेंस की जांच करने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लाइसेंस बनाने के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। सुरक्षित वाहन चलाने के लिए लोगों को जागरुक किया जाएगा।
