
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ पुलिस ने रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र और बिलासपुर में दो ज्वेलरी शॉप में ठगी की वारदात को अंजाम देने वाले जालसाज मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। ये दोनों उत्तरप्रदेश के हापुड़ जिले के निवासी हैं।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला सविता सिंह उर्फ सपना उर्फ सप्पो और उसका बेटा इशांत उर्फ अनुज वर्मा मंगलवार शाम एक ज्वेलरी शॉप पर ब्रेसलेट की मरम्मत कराने पहुंचे थे। मरम्मत न हो पाने पर दोनों ने कारोबारी को झांसे में लेकर ब्रेसलेट के बदले करीब ढाई लाख रुपए कीमत की सोने की चेन और नकदी लेकर फरार हो गए।
बाद में जांच में पता चला कि दिया गया ब्रेसलेट असली सोना नहीं था, बल्कि उसकी ऊपरी परत में ही सोना था और अंदर सस्ती धातु का इस्तेमाल किया गया था।
बिलासपुर में भी किया था ठगी
पूछताछ में आरोपियों ने बिलासपुर के एक अन्य ज्वेलरी कारोबारी से भी इसी तरह ठगी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उन्होंने इस तरह की ठगी अन्य शहरों में भी की है।



