
जांजगीर-चांपा न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के चांपा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ नृशंस सामूहिक दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो घटना के बाद राज्य छोड़कर फरार होने की फिराक में थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह अपने पति के साथ काम के सिलसिले में चांपा क्षेत्र में आई थी और एक सब्जी बाड़ी में चौकीदारी का काम कर रही थी। दंपती झोपड़ी में रहकर अपना जीवनयापन कर रहे थे।
घटना 18 मई की है, जब पड़ोसी गांव के चार युवक—रामकुमार, मनोज, नरेंद्र और धरम—पीड़िता के घर पहुंचे। उन्होंने खुद को पिकनिक मनाने आया बताकर पीड़िता के पति के साथ पहले दोस्ताना व्यवहार किया और फिर उसे शराब पिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद चारों आरोपियों ने महिला के साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया और मौके से फरार हो गए।
पति के होश में आने पर पीड़िता ने पूरी घटना बताई, जिसके बाद दोनों ने चांपा थाना पहुंचकर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज किया और महिला का मेडिकल परीक्षण करवाया। मेडिकल रिपोर्ट में महिला के प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे आरोपियों की बर्बरता की पुष्टि हुई।
टीआई जेपी गुप्ता के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इनपुट मिला कि आरोपी ट्रक से सड़क मार्ग से राज्य छोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि जल्द ही इस मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। वहीं, पीड़िता को काउंसलिंग और विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।



