
रायगढ़,न्यूज़ धमाका :-रायगढ़ में आपसी भाईचारे का त्योहार ईद-उल-फितर बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचल में उत्साह का मौहल रहा। ईद की नमाज के लिए जिले भर के मस्जिदों को सजाया गया था। ईद पर आज मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपनी सुविधा के अनुसार मस्जिदों व ईदगाहों में पहुंचकर नमाज अदा की।
शहर के जुटमिल, सत्तीगुड़ी चौक, चांदनी चौक, गांजा चौक, लालटंकी चौक मस्जिद में नमाज अदा करने विशेष प्रबंध किया गया था। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कुछ दिन पहले ही शांति समिति की बैठक लेकर समाज के प्रमुख लोगों को समझाइश दे दी थी। आज शहर के सभी चौक-चौरहों में पुलिस के जवान तैनात रहे। रमजान के पाक माह में मुस्लिम समुदाय द्वारा रोजा रखने के बाद चांद का दीदार होने पर ईद मनाते हैं।
सोमवार को चांद का दीदार हुआ। इसके बाद सभी लोगों ने एक दूसरे को बधाई दी। अलविदा जुमा में पहले ही यह घोषणा कर दी गई थी कि ईदगाह में ईद की नमाज सुबह नौ बजे अदा की जाएगीी। ऐसे में निर्धारित समय पर ईद की नमाज पढ़ी गई और नमाज के बाद सभी ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी।
दिन भर सभी मुस्लिम मोहल्लों में चहल पहल देखी गई। करीब सप्ताह भर पहले से ईद की तैयारी मुस्लिम समुदाय के लोगों के द्वारा की जा रही थी। मंगलवार को धूमधाम के साथ ईद का पर्व मनाया गया। भाईचारा और सौहार्द बढ़ने की कामना की गई।
ईद के अवसर शहर पुरानी बस्ती स्थित ईदगाह में खूब सजावट की गई थी। युवा बुजुर्ग और बच्चों में नमाज अदा करने और ईदगाह जाने की खुशियां देखी गई। मुस्लिम जमात के प्रमुखों ईद की नमाज पढ़ने के लिए अलग-अलग मस्जिदों और मदरसों में समय सीमा पहले से ही तय कर दिया गया था।
शहर के नूरी, जामा मस्जिद के अलावा दारूल उलुम रिजविया मदरसा शहर के सभी प्रमुख मस्जिदों में निकटवर्ती मुस्लिम जमात ने नमाज अदा की। रोजादारों ने जरूरत मंदों का दान देकर दुआएं कबूल की। बाजार में ईद की खरीदारी के लिए काफी उल्लास रहा। मेहंदी, साफा, इत्र, सूरमा, टोपी, चुनरी आदि सामानों की खासी बिक्री हुई है।
बच्चों में ईदी पाने की खुशियां देखी गई। जवानों बुजुर्गो के पांव छूकर आशीर्वाद लिया। ईद के अवसर लोगों ने एक दूसरे को उपहार देकर शुभकानाएं दी। धूमधाम से मनी ईद में महिलाओं की खासी व्यवस्तता रही। दावत में आने वालों को मीठी सेवाईयां व भोजन परोसे गए है।


