
अंबिकापुर,न्यूज़ धमाका:-मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रदेश व्यापी विधानसभा दौरे की शुरुआत से पहले ही बलरामपुर जिले में कांग्रेस संगठन में नया विवाद खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री के बलरामपुर जिले के प्रवास को लेकर जो प्रोटोकाल जारी किया गया है उसमें शंकरगढ़ में मुख्यमंत्री के भोजन का कार्यक्रम निर्धारित है।
शंकरगढ़ में जय सिंह पैकरा नामक कार्यकर्ता के घर मुख्यमंत्री के भोजन का कार्यक्रम निर्धारित है लेकिन संगठन स्तर पर विवाद खड़ा हो गया है कि जय सिंह पैकरा कभी कांग्रेस के कार्यकर्ता नहीं रहे।
इसी साल 27 मार्च 2022 को उन्होंने भाजपा की सदस्यता भी ली है। बकायदा सदस्यता शुल्क जमा करने की रसीद को भी सार्वजनिक किया गया है। बलरामपुर जिले के कांग्रेस संगठन के वाट्सएप ग्रुप में यह संदेश तेजी से प्रसारित किया जा रहा है।
अब संगठन इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले जारी प्रोटोकॉल को देखने के बाद संगठन खेमा नाराज है बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार से प्रदेश व्यापी विधानसभा दौरे की शुरुआत कर रहे हैं।
बलरामपुर जिले के दोनों विधानसभा का कार्यक्रम सार्वजनिक कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सबसे पहले कुसमी पहुंचेंगे। वहां आत्मानंद स्कूल का निरीक्षण करने के साथ ही थाने का भी निरीक्षण करेंगे जनता के साथ मुलाकात के बाद शंकरगढ़ ब्लाक मुख्यालय पहुंचेंगे शंकरगढ़ में भी आम जनों से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित है।
दोपहर में मुख्यमंत्री का भोजन भी शंकरगढ़ में ही जय सिंह पैकरा के निवास पर होगा। जयसिंह को कांग्रेस कार्यकर्ता बताया गया है जबकि संगठन के पदाधिकारी भाजपा की सदस्यता लेने संबंधित रसीद वाट्सएप ग्रुप में प्रसारित कर रहे है।
राजधानी तक हल्ला मचा तो मुख्यमंत्री के भोजन का कार्यक्रम स्थल बदला
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोपहर का भोजन शंकरगढ में ब्लाक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल के निवास पर करेंगे। दरअसल दौरे के पहले दिन जब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का प्रोटोकाल जारी किया गया तो उसमें दोपहर का भोजन शंकरगढ में जयसिंह पैकरा के निवास पर प्रस्तावित किया गया था।जय सिंह पैकरा को लेकर यह आरोप लगा कि वे भाजपा से जुड़े हुए है और कांग्रेस संगठन में उनकी कभी उपस्थिति तक नहीं रही है।
जारी नए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ,दोपहर का भोजन तो शंकरगढ में ही करेंगे लेकिन उनके भोजन की व्यवस्था जयसिंह पैकरा के यहां नहीं बल्कि शंकरगढ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता व ब्लाक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल के यहां होगा।इसकी तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
