अंबिकापुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ में घरेलू विवाद से जुड़े दो चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। एक ओर अंबिकापुर में पत्नी ने पति की लगातार गाली-गलौज और मारपीट से तंग आकर उसकी बाइक को आग के हवाले कर दिया, वहीं बलरामपुर जिले में पत्नी ने पति को करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया।
अंबिकापुर: पति की बाइक को आग के हवाले
जानकारी के अनुसार, सीतापुर थाना क्षेत्र के बाजारडांड में एक महिला अपने पति की प्रताड़ना से परेशान थी। पति आए दिन मारपीट और गाली-गलौज करता था। गुस्से में आकर महिला ने घर के बाहर खड़ी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कुछ ही देर में बाइक जलकर खाक हो गई। इस घटना का वीडियो मोहल्ले के लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
बलरामपुर: करंट लगाकर पति की हत्या
वहीं बलरामपुर जिले के अधौरा गांव में एक अगस्त को पति-पत्नी विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने पति को करंट लगाकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मनोज गुप्ता के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मनोज गुप्ता ने पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी की थी। इसी वजह से संपत्ति विवाद भी चलता रहता था।
घटना के वक्त घर अंदर से बंद था। पुलिस को जब सूचना मिली तो टीम मौके पर पहुंची। अंदर से पति की चीखें सुनाई दीं, लेकिन थोड़ी देर बाद आवाजें बंद हो गईं। दरवाजा खोलने के प्रयास नाकाम होने पर तोड़ने की तैयारी की जा रही थी, तभी पत्नी पार्वती गुप्ता ने दरवाजा खोला और वहीं बेहोश हो गई। घर के अंदर पति मृत पड़ा मिला, उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
घरेलू विवाद बने बड़ी घटनाओं की वजह
इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि घरेलू विवाद और आपसी कलह किस तरह हिंसा का रूप ले लेते हैं। अंबिकापुर में बाइक जलाने की घटना जहां गुस्से का नतीजा है, वहीं बलरामपुर में करंट से हुई हत्या घरेलू विवाद की भयावह परिणति को दर्शाती है।



