
कांकेर न्यूज धमाका – नक्सल प्रभावित क्षेत्र कांकेर में सर्चिंग ऑपरेशन से लौट रहे जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के दो जवान एक गंभीर हादसे का शिकार हो गए। बाइक से लौटते समय रास्ते में अचानक बिजली की हाई वोल्टेज तार टूटकर गिर गई, जिससे दोनों जवान करंट की चपेट में आ गए। हादसे में एक जवान गंभीर रूप से झुलस गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल जवानों की पहचान धर्मेंद्र सोरी और संजय गढ़पायले के रूप में हुई है। दोनों जवान सर्चिंग ऑपरेशन पूरा कर अंतागढ़ लौट रहे थे, तभी सड़क पर गिरी बिजली की तार उनकी बाइक में उलझ गई। करंट प्रवाहित होने के कारण दोनों जवान बुरी तरह झुलस गए। इसमें धर्मेंद्र सोरी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि संजय गढ़पायले को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही अंतागढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) आशीष बंसोड तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायल जवानों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। फिलहाल दोनों जवानों का इलाज अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक रूप से ऐसा माना जा रहा है कि तार काफी समय से जर्जर अवस्था में थी, जिसकी समय पर मरम्मत नहीं की गई।
यह हादसा सुरक्षा बलों की सुरक्षा व्यवस्था और बिजली विभाग की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग उठ रही है।



