
रायपुर न्यूज धमाका – शराब घोटाले मामले में गिरफ्तार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की न्यायिक रिमांड कोर्ट ने बढ़ा दी है। अब चैतन्य बघेल 31 अगस्त तक जेल में रहेंगे।
इधर, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चैतन्य बघेल से पूछताछ के लिए 5 दिन की रिमांड की मांग करते हुए कोर्ट में आवेदन प्रस्तुत किया है। हालांकि, आज इस पर सुनवाई नहीं हो सकी। कोर्ट कल ईडी के आवेदन पर फैसला सुनाएगा।
गौरतलब है कि 18 जुलाई को ईडी की टीम ने सुबह भूपेश बघेल के भिलाई स्थित घर पर छापा मारकर चैतन्य बघेल को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया और ईडी की गाड़ी रोकने की कोशिश की। बाद में चैतन्य को रायपुर लाकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें पहले 5 दिन की रिमांड दी गई थी।
इसके बाद अदालत ने दो बार उनकी न्यायिक रिमांड बढ़ाई। आज तीसरी बार पेशी के दौरान कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की रिमांड पर जेल भेज दिया।
चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी और रिमांड बढ़ाए जाने को लेकर प्रदेशभर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का विरोध जारी है। ईडी कार्यालय और कोर्ट परिसर के बाहर कई बार कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति भी बन चुकी है।
