
जगदलपुर न्यूज़ धमाका /// बस्तर संभाग के सभी जिलों के पेट्रोल पंप में भाजपा युवा मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया है। युवा मोर्चा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश की जनता का ख्याल रखते हुए पेट्रोल डीजल के दाम कम किए हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को जनता की कोई फिक्र नहीं है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल के दामों को कम करने किसी तरफ की कोई दिलचस्पी अब तक नहीं दिखाई है। युवा मोर्चा ने रविवार को दंतेवाड़ा, जगदलपुर समेत अन्य जिलों में एक दिवसीय धरना दिया है।दंतेवाड़ा के भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता चितालंका पेट्रोल पंप में धरने पर बैठे। इस दौरान अपने वाहनों में पेट्रोल-डीजल डलवाने आए लोगों से कहा कि,
केंद्र की मोदी सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी कम कर पेट्रोल और डीजल में देश की जनता को 5 रुपए और 10 रुपए की राहत देने का काम किया है। युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष कुणाल सिंह ठाकुर ने कहा कि, पेट्रोल पंप के बाहर वैट की भारी बोरी लेकर प्रदर्शन किया गया है। जनता को यह बताया गया कि छत्तीसगढ़ की सरकार छत्तीसगढ़ की जनता पर वैट के नाम पर कितना भारी बोझ डाल रही है और कितनी असंवेदनशील है।भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने संभागीय मुख्यालय जगदलपुर शहर के पेट्रोल पंप में भी प्रदर्शन किया। जगदलपुर युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव ने बताया कि, राज्य सरकार पेट्रोल-डीजल में अतिरिक्त वैट ले रही है। देशभर के भाजपा शासित राज्यों ने वैट कम कर जनता को सीधे राहत पहुंचाई है। लेकिन, छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने लोगों को राहत देने की बजाए राजनीतिक बयानबाजी कर असंवेदनशीलता का परिचय दिया है।
