
डोंगरगढ़ न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ ब्लॉक में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह हिरण का शिकार कर उसका मांस बेचने की फिराक में था। सूत्रों के मुताबिक, इस अवैध कारोबार में शहर के कुछ रसूखदारों की संलिप्तता भी हो सकती है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों में जे. डिनायल, नीलू फ्रांसिस, विशाल नंदेश्वर और विश्वनाथ शामिल हैं। बीती रात गुप्त सूचना पर वन विभाग की टीम ने पीछा कर आरोपियों को धरदबोचा। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने हिरण का मांस एक ग्रामीण के घर में फेंक दिया, लेकिन टीम ने मांस, बाइक और अन्य सबूत जब्त कर लिए। हिरण का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार भी कराया गया।
कानूनी कार्रवाई और विभागीय विवाद
चारों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस बीच, जांच के दौरान एसडीओ फॉरेस्ट कार्यालय में दो वनकर्मियों के बीच झगड़ा भी हुआ, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
कई बड़े नामों का खुलासा संभव
सूत्रों का कहना है कि यह नेटवर्क काफी बड़ा है और अगर जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ी तो कई बड़े और रसूखदार नामों का पर्दाफाश हो सकता है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग इस मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं।



